- बांसी कोतवाली क्षेत्र के गोहर गांव के पास का है मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
सकारपार। बांसी कोतवाली क्षेत्र के बांसी-धानी मार्ग स्थित गोहर गांव के पूरब सिवान में अज्ञात कारणों से गेहूं के डंठल में आग लग गई। आग की लपटें हवा के साथ पूरब की तरफ बढ़ते हुए लमुही चौराहा पर एक चाय की दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। इससे दुकान में रखा सारा सामान राख हो गया। स्थानीय लोगों के साथ बांसी कोतवाली की पुलिस एवं डायल 112 नंबर की पुलिस आग को बुझाने का भरपूर प्रयास किया।
क्षेत्र के गोहर गांव के पूरब सिवान में बृहस्पतिवार दोपहर बाद अज्ञात कारणों से गेहूं की डंठल में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग और तेज हो गई। आग हवा के साथ बढ़ते बढ़ते सेमरा चौराहा पर पहुंच गई। जहां कई लोगों की सब्जी की खेती को अपनी चपेट में लेकर झुलसा दिया। उसके बाद आग तेज हवा के साथ पूरब की दिशा में बढ़ती गई और लमुही चौराहे तक पहुंच गई। वहीं, बांसी-धानी मार्ग स्थित लमुही चौराहा पर कल्लू आरा मशीन के सामने लमुही गांव निवासी शिवपूजन लोधी की चाय की दुकान को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। इसमें झोपड़ी सहित दुकान के अंदर सामान राख हो गया। मिठवल ब्लॉक के खुर्दी गांव निवासी अब्दुल लतीफ ने बताया कि बांसी की तरफ से आते समय सड़क पर आग की लपटें आ रही थीं। गनीमत रही किसी तरह से बच गए वरना आज जान चली जाती। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी बांसी संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि आग लगी सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस को भेजकर आग बुझवा दी गई।