युवक की पिटाई का वीडियो वायरल
डुमरियागंज। पुलिस की ओर से युवक की पिटाई करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो भवानीगंज थाने की पुलिस का बताया जा रहा है।
भवानीगंज थाना क्षेत्र के परसा जमाल गांव निवासी मोहसिन, हसीनाबाद चौराहे पर गाड़ी धुलाई करते हैं। इसी चौराहे पर शहजाद नामक युवक मुर्गे का मीट बेचते थे। बीते सात सितंबर को इन दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। उसके बाद शहजाद ने हेड कांस्टेबल रामशंकर पांडेय को फोन पर इसकी सूचना दी थी।
आरोप है कि कांस्टेबल ने मौके पर पहुंचते ही युवक मोहसिन को लात-घूसों से पिटाई की। यह सारी घटना सामने के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड है। कुछ दिन बाद अब उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस संबंध में भवानीगंज थानाध्यक्ष अंजनी राय ने बताया कि मामला पुराना है। सूचना पर मौके पर पुलिस गई थी। उसके बाद दोनों पक्षों ने आपस में सुलह कर ली थी। कार्रवाई की मांग करने कोई थाने तक नहीं आया था।