शोहरतगढ़। नौगढ़ ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत कापिया बुकनिहा ग्रांट में बुधवार को आयोजित ग्राम चौपाल कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए गांव के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
विधायक विनय वर्मा ने कहा कि गांवों के विकास के लिए सरकार सड़क, बिजली, रोजगार सहित मूलभूत सुविधाओं पर लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि बुकनिहा ग्राम पंचायत में सीसी सड़क निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इसके अलावा गांव में छठ घाट का निर्माण कार्य कराया गया है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की मांग पर ग्राम सभा में तीन स्ट्रीट और दो हाईमास्क लाइटें लगाने का काम जल्द पूरा कराया जाएगा। विधायक ने अपनी निधि से 300 मीटर सीसी सड़क तथा बुकनिहा से मिश्रडीह तक 500 मीटर पक्की सड़क निर्माण कराने की घोषणा भी की है।
ग्राम चौपाल में प्रधान राम नरेश यादव, प्रदीप कमलापुरी, हरिराम निषाद और राम दास मोर्य, सचिव अभिनव ओझा, अब्दुल कयूम, कृष्ण कुमार आदि मौजूद रहे।