पुरातन विद्यार्थियों को ब्रांड एंबेसडर बनाएगी विद्या भारती
पूर्व छात्रों के पंजीकरण के लिए बनाया पोर्टल
योजना से शिक्षार्थी, शिक्षक और कैंपस का होगा विकास
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। विद्या भारती पुरातन छात्र-छात्राओं को अपना ब्रांड एंबेसडर बनाएगी। इसके लिए विद्या भारती से संचालित सरस्वती शिशु मंदिर और विद्या मंदिर के पुरातन छात्रों का पंजीकरण शुरू हो चुका है। विद्या भारती के पोर्टल पर जाकर पूर्व छात्र पंजीकरण अथवा मोबाइल नंबर 7231889996 पर मिस कॉल कर सकते हैं। यह जानकारी जन शिक्षा समिति गोरक्ष प्रांत के प्रदेश निरीक्षक शिवाजी राय ने दी।
शिवाजी राय मंगलवार को रघुवर प्रसाद जायसवाल सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज तेतरी बाजार में ‘मेरा विद्यालय, मेरा गौरव’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि थे। उन्होंने कहा कि इस योजना से शिक्षार्थी, शिक्षक और कैंपस का विकास तीव्र गति से हो सकेगा और छात्रों को सटीक मार्गदर्शन मिल सकेगा। विद्या भारती, पूर्व छात्र परिषद गोरक्ष प्रांत के अध्यक्ष और स्वामी विवेकानंद शिक्षा समिति के जिला मंत्री विपुल कुमार सिंह ने कहा कि पूरे देश के पुरातन छात्रों को विद्यालय से जोड़ने का लक्ष्य है। इसके पीछे नई व पुरानी पीढ़ी का समागम करना है।
प्रधानाचार्य राकेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि विद्या भारती के पूर्व छात्र-छात्राओं का योगदान सदैव देश और समाज में परोपकार की भावना से जरूरतमंदों की सहायता करना और संस्कार युक्त शिक्षा का प्रसार कर समाज के निर्माण में योगदान करने का रहा है। राम नरेश, अभय शंकर पांडेय, गोविंद वर्मा समेत प्रधानाचार्य कृष्णदेव पांडेय, अंगद पाठक, कुंवर सिंह, अच्युतानंद मिश्र, श्याम नारायण चौधरी, हरिकुशन पाठक, राजेंद्र दुबे, निमिष शुक्ल आदि मौजूद रहे।