संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। सोशल मीडिया पर बुधवार को एक वीडियो वायरल हो गया। इसमें एक क्लास रूम में कुर्सी पर बैठा व्यक्ति छात्रों को अपशब्द (भद्दी-भद्दी गालियां) दे रहा है। यह वीडियो नगर पंचायत डुमरियागंज स्थित पीपुल्स इंटर काॅलेज का बताया जा रहा है। हालांकि इस वायरल वीडियो की सत्यता का “संवाद न्यूज एजेंसी”पुष्टि नहीं करता है।
वीडियो में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है कि एक कक्षा में कुछ बच्चे (छात्र) बैठे हैं, वहीं सामने कुर्सी पर बैठा व्यक्ति मां की भद्दी -भद्दी गालियां दे रहा है। सूत्रों के अनुसार गाली देने वाला व्यक्ति पीपुल्स इंटर काॅलेज में तैनात एक शिक्षक है, जो बच्चों से किसी बात पर नाराज हो गया और अपना आपा खो बैठा।
इस संबंध में पीपुल्स इंटर काॅलेज डुमरियागंज के प्रधानाचार्य शिवकुमार पांडेय ने बताया कि वायरल वीडियो आज शाम को उनके संज्ञान में आया है। काॅलेज में कार्यरत नागरिक शास्त्र के प्रवक्ता मुकेश कुमार पटेल निवासी प्रयागराज की तरफ से क्लासरूम में जानवरों की आवाज निकालकर हूटिंग करने पर छात्रों को अपशब्द कहे जाने का वीडियो बताया जा रहा है।
शुक्रवार को विद्यालय खुलने पर आरोपी अध्यापक को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया जाएगा। मामले की जानकारी कालेज के प्रबंधक को दे दी गई है।ु