मारने के लिए हाथ में जूता लिए पुलिसकर्मी का वीडियो वायरल
शोहरतगढ़। थाना क्षेत्र के मधवापुर गांव में बुधवार को हो रहे झगड़े में पहुंचे पुलिसकर्मी का पैर से जूता निकालकर मारने के लिए उठाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
क्षेत्र के मधवापुर गांव में एक हफ्ता पहले विवाद में शोहरतगढ़ थाने की पुलिस ने दोनों पक्षों को पाबंद किया था। बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि दोनों पक्षों में फिर तकरार हो रही है। दो पुलिसकर्मी गांव में पहुंचे। तब तक मारपीट होने लगी। दोनों तरफ से ईंट-पत्थर चलाए जा रहे थे। पुलिसकर्मियों ने मामले को शांत करवाने की कोशिश की। उसी बीच पुलिसकर्मी को एक महिला गाली देने लगी। उसके बाद सादे कपड़ों में पहुंचे एक पुलिसकर्मी ने पैर से जूता निकालकर मारने के उठा लिया। तब तक किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जो वायरल हो गया।
पुलिसकर्मी का कहना है कि झगड़ा छुड़ाते समय कुछ महिलाएं गाली दे रही थीं। इसी बीच उनका जूता पैर निकल गया था। जूता हाथ में लेकर वह महिला को चुप करा रहे थे। इस संबंध शोहरतगढ़ सीओ हरिश्चंद्र ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही हैं। जो भी दोषी होगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।