सिद्धार्थनगर। यूपीआई के जरिए हुई साइबर ठगी के मामले में खेसरहा थाना साइबर टीम ने 15,771 रुपये पीड़ित के खाते में वापस कराए हैं। यह रकम मर्चेंट रिफंड मैनेजमेंट (एमआरएम) व कोर्ट आदेश की प्रक्रिया के जरिये लगभग 11 माह बाद वापस मिली। पुलिस ने लोगों से अपील की कि साइबर ठगी होते ही तत्काल 1930 हेल्पलाइन और एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। खेसरहा थाना क्षेत्र के मरवटिया निवासी अजय कुमार ने 17 अक्तूबर 2025 को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उनके साथ यूपीआई के माध्यम से 59,991 रुपये की धोखाधड़ी हुई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर चल रहे साइबर क्राइम रिकवरी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद, क्षेत्राधिकारी बांसी शुभेंदु सिंह और प्रभारी निरीक्षक रामकृष्ण मिश्र के नेतृत्व में साइबर सेल ने संबंधित बैंक के साथ समन्वय स्थापित किया।
जांच के दौरान लेनदेन का सत्यापन कर एमआरएम प्रक्रिया अपनाई गई, जिसके बाद 25 सितंबर 2026 को 15,771 रुपये शिकायतकर्ता के बैंक खाते में वापस करा दिए गए। पुलिस के अनुसार शेष धनराशि के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई जारी रह सकती है।