बर्डपुर से नेपाल ले जा रहे थे यूरिया, कृषि अधिकारी ने पकड़ा
- टेंपो में लदी 15 बोरी यूरिया को कपिलवस्तु पुलिस के सुपुर्द किया
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए मंगलवार को जिला कृषि अधिकारी ने बर्डपुर क्षेत्र की दुकानों की जांच की। यहां एक दुकान से टेंपो से 15 बोरी यूरिया अलीगढ़वा ले जाते हुए एक चालक को पकड़ा गया। उचित जवाब नहीं मिलने पर कपिलवस्तु कोतवाली की पुलिस को यूरिया सौंप दी गई। साथ ही दुकान का लाइसेंस निलंबित करते हुए नोटिस जारी किया गया।
नेपाल सीमा पर यूरिया की तस्करी बढ़ गई है। आए दिन सीमा पर खाद पकड़ी जा रही है। बीते वर्ष की तरह से यूरिया का किल्लत न उत्पन्न हो इसके लिए कृषि विभाग अलर्ट हो गया है। मंगलवार को कालाबाजारी की हकीकत जाने के लिए जिला कृषि अधिकारी सीपी सिंह बॉर्डर क्षेत्र की ओर निकले। दुकानों की जांच करते समय पंडितपुर से आगे एक टेंपो को अलीगढ़वा की ओर से यूरिया ले जाते देखा गया। रोककर पूछताछ की गई कि खाद का मालिक कौन है तो कोई आगे नहीं आया। इसके बाद खाद सहित चालक को कपिलवस्तु कोतवाली को सुपुर्द कर दिया गया। इसके बाद जिस दुकान से खाद खरीद की गई, उसका लाइसेंस निलंबित करते हुए नोटिस जारी किया गया। समय से जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। इस संबंध में जिला कृषि अधिकारी सीपी सिंह ने बताया कि लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। गड़बड़ी करने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई की जाएगी।