संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। रोडवेज बस से यात्रा करने वालों को अब टिकट बुक करने की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। यात्री अब घर बैठे यूपी राही एप से मनचाही सीट पर टिकट बुक कर सकेंगे।
वहीं परिवहन निगम ने टिकट बुकिंग के साथ यात्रियों को फीडबैक की भी सुविधा दी है। यह एप यात्रियों को न सिर्फ घर बैठे बस में यात्रा के लिए एडवांस बुकिंग में सक्षम बनाएगा, बल्कि उन्हें कैश लेस सुविधा भी प्रदान करेगा।
यात्री इस एप पर सफर से संबंधित अपनी समस्या, चालक-परिचालक के व्यवहार, बस की स्थिति और अन्य मुद्दों पर फीडबैक भी दे सकेंगे।
इस एप की शुरुआत से बस में यात्रा करने वाले यात्री अब टिकट को लेकर परेशान नहीं होंगे। यह एप आधिकारिक रूप से काम करने लगा है। यात्री इसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। यह एप हिंदी व अंग्रेजी में है।
एआरएम विजय कुमार गंगवार ने बताया कि एप के माध्यम से यात्री डिजिटल माध्यम से टिकट बुक कर सकेंगे। एप डाउनलोड करने के बाद उन्हें सबसे पहले खुद का पंजीकरण कराना होगा।
इसके बाद वह एप पर मौजूद सभी सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे। एप के माध्यम से यात्री टिकट बुक करने के लिए क्यूआर कोड, यूपीआई, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या किसी भी अन्य डिजिटल माध्यम का इस्तेमाल कर सकेंगे।
टिकट बुक करने के बाद यात्रियों को टिकट का प्रिंट आउट लेने की जरूरत नहीं होगी। वे एप पर ही टिकट बुकिंग का स्टेटस दिखाकर यात्रा कर सकते हैं।