यूपी पुलिस और वाराणसी की महिला टीम को मिला स्वर्ण
सिद्धार्थनगर। जिला स्टेडियम में रविवार को जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से 55वीं राज्य क्रास कंट्री प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इस प्रतियोगिता में यूपी पुलिस व वाराणसी की महिला टीम को स्वर्णपदक हासिल करने में सफलता मिली।
प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. चंद्रेश उपाध्याय और संरक्षक जमील सिद्दीकी ने अलग-अलग टीमों को हरी झंडी दिखाकर किया। इसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए आठ सौ खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। निर्णायक मंडल की ओर से घोषित परिणाम में मुख्य 10 किलोमीटर रेस में टीम चैंपियनशिप का स्वर्णपदक यूपी पुलिस को मिला। जिसमें बलराम, अंकित यादव, रवि कुमार, गौरव कुमार की भूमिका अहम रही। वहीं, रजत पदक पाने में वाराणसी की टीम कामयाब रही जिसमें नितेश कुमार, रविंद्र कुमार, दीप पटेल की भूमिका अहम रही। महिला वर्ग के 10 किमी में चैपिंयनशिप वाराणसी की टीम स्वर्णपदक पाने में सफल रही। अपनी टीम को जिताने में रेबी पाल, अमृता पटेल, वंदना, रंजना पटेल का योगदान उल्लेखनीय रहा। प्रतियोगिता के सफल प्रतिभागियों को अपर पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत और एसडीएम सदर विकास कश्यप ने पदक और प्रशस्ति पत्र दिया।
इस मौके पर यूपी एथलेटिक्स एसोसिएशन के प्रदेश सचिव पीके श्रीवास्तव, जिला क्रीड़ा अधिकारी सर्वदेव सिंह यादव, सच्चिदानंद शुक्ला, फरीदा सिद्दीकी, वालीवाल संघ के प्रदेश सचिव मो. इब्राहिम, सोनू गुप्ता, प्रदीप वर्मा,क्रीड़ा भारती के अध्यक्ष अरुण प्रजापति, विनोद त्रिपाठी, बृजपाल सिंह, रवींद्र गुर्जर, राजकुमार यादव, दुर्गावती, गुलाम रिजवी, सुग्रीव यादव, सत्य प्रकाश, अरविंद गुप्ता आदि मौजूद रहे।