संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद यूपी बोर्ड द्वारा संचालित हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा सोमवार से शुरु हो रही है। प्रशासन परीक्षा को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।
परीक्षा केंद्र के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। साथ ही परीक्षा केंद्र की निगरानी सीसीटीवी से की जाएगी।
जिले में 119 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा होनी है। इसके लिए जिले के 119 परीक्षा केंद्रों पर अलग-अलग स्टैटिक्स मजिस्ट्रेट, प्रधानाचार्य, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहेंगे। वहीं 18 सचल दस्ता रात व 18 सचल दस्ता दिन में निगरानी करेंगे, जबकि इसके साथ ही छह मजिस्ट्रेट भी दिन में परीक्षा केंद्रों की निगरानी करेंगे। परीक्षा केंद्र के 200 मीटर दायरे में कोई भी कापी किताब की दुकान खुली नहीं रहेगी।
इसके साथ ही परीक्षार्थी परीक्षा के दौरान विद्यालय में पेन, प्रवेश पत्र, एक पहचान पत्र के साथ पैड ही लेकर जा पाएंगे।
इसके अलावा परीक्षार्थी को कुछ भी ले जाने की अनुमति नहीं है। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र में पीपुल्स इंटर कॉलेज डुमरियागंज, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर काॅलेज बैदोलागढ़, माडर्न हायर सेकेंडरी स्कूल हल्लौर, राजकीय इंटर काॅलेज तुरकौलिया तिवारि, एपीजे अब्दुल कलाम आजाद मेमोरियल इंटर कॉलेज बढ़नी, रफी मेमोरियल इंटर कॉलेज चकचई, ललिता इंटर कॉलेज चौखड़ा, मौलाना आजाद इंटर कॉलेज कादिराबाद आदि परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। वहां पर शनिवार की देर शाम तक काॅलेज स्टाफ के लोग सिटिंग प्लान और फर्नीचर की सुचारू व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटे दिखाई दिए।