पीड़ित पिता का आरोप, पत्र भेजकर डीएम और जोगिया कोतवाली से शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
जोगिया(सिद्धार्थनगर)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम महुआ निवासी विनोद पासवान ने क्षेत्र के एक झोलाछाप पर रकम के लालच में एक साल के बेटे को जान से मारने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने पंजीकृत डाक से डीएम और जोगिया कोतवाली पुलिस से शिकायत की है।
पत्र में विनोद ने आरोप लगाया है कि बेटे नितेश (01) की मंगलवार को तबीयत खराब हुई। वे उपचार के लिए झोलाछाप के पास ले गए। इस बीच बच्चे की हालत बिगड़ने लगी। जब मैं बच्चे को जिला अस्पताल ले जाने लगा तो झोलाछाप ने रोक लिया। करीब तीन घंटे बाद उसने कहा कि बेटे की मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि रुपये की लालच में झोलाछाप ने बेटे की जान ली है। ऐसे में मामले की जांच करते हुए कार्रवाई की जाए। डीएम दीपक मीणा ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। अगर ऐसा हुआ है तो मामले की निष्पक्ष जांच कराकर झोलाछाप के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।