सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में कापियों का मूल्यांकन करते अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थ यूनिवर्सिटी में वार्षिक परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन जोरों पर है। स्नातकोत्तर के बाद अब स्नातक के भी कई विषयों की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच गुरुवार को पूरी हो गई। अब इन विषयों के रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मूल्यांकन में लगे परीक्षकों के मुताबिक अन्य विषयों की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच भी शीघ्र पूरी हो जाएगी।
15 मार्च से शुरू मूल्यांकन कार्य में विभिन्न महाविद्यालयों व विश्वविद्यालय के विषय विशेषज्ञ प्राध्यापकों को लगाया गया है। आवासीय व्यवस्था के साथ परीक्षक मूल्यांकन में मुस्तैदी से लगे हुए हैं। स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पहले ही पूरा हो चुका है।
मूल्यांकन समन्वयक डॉ.एसएन त्रिपाठी व डॉ.किरण ने बताया कि गुरुवार को स्नातक के दर्शनशास्त्र, राजनीतिशास्त्र, शिक्षा शास्त्र, इतिहास, प्राचीन इतिहास, उर्दू, समाजशास्त्र विषय की उत्तर पुस्तिकाएं जांच ली गई। हिंदी, चित्रकला, गृह विज्ञान का मूल्यांकन जारी है।
परीक्षा नियंत्रक अखिलेश पाल ने बताया कि मूल्यांकन कार्य में निरंतरता बनी हुई है। प्रतिदिन निरीक्षण भी किया जा रहा है ताकि मूल्यांकन पारदर्शी और सुचारू रूप से हो सके। मूल्यांकन पूरा होते ही रिजल्ट जारी करने का क्रम शुरू कर दिया जाएगा।