व्यापारियों की हर समस्या का होगा समाधान
ककरहवा कस्बे में हुई उद्योग व्यापार मंडल की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
ककरहवा। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की ओर से शुक्रवार को ककरहवा कस्बा में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर पदाधिकारियों ने कस्बे के व्यापारियों को प्रमाणपत्र वितरित किया। व्यापारियों ने अपने हक के लिए एकजुट रहने का संकल्प लिया।
जिलाध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि किसी भी व्यापारी को कोई समस्या है तो वह अपनी समस्या संगठन से बताए, उसका त्वरित निस्तारण किया जाएगा। संगठन हर छोटे-बड़े व्यापारी के सुख-दुख में साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने व्यापारिक दृष्टिकोण से अतिमहत्वपूर्ण भारत-नेपाल सीमा के ककरहवा बॉर्डर को ट्रेड रूट के लिए खुलवाए जाने के लिए व्यापारी वर्ग को आगे आकर प्रयास करने को कहा। उन्होंने कहा कि जल्द ही संगठन वित्त राज्य मंत्री भारत सरकार व सांसद जगदंबिका पाल से मिलकर इस रूट को वस्तु आयात-निर्यात के लिए शुरू किए जाने की मांग करेगा। मोहाना थानाध्यक्ष जयप्रकाश दूबे ने कहा कि प्रशासन सदैव व्यापारी वर्ग साथ है। जहां भी आप लोगों को जरूरत हो तुरन्त पुलिस से संपर्क करें। उन्होंने व्यापारियों से कहा कि दुकानों में सीसीटीवी कैमरा जरूर लगवाएं।
इस दौरान जिला महामंत्री चांद भाई, जिला मीडिया प्रभारी कमलेश दुबे, नगर अध्यक्ष ककरहवा अमन जायसवाल, राजकमल जायसवाल, शिवदत्त अग्रहरि, पंकज कसौधन, आरिफ, अवधेश वर्मा, कैलाश प्रहलाद गुप्ता, बुद्धेश जायसवाल, सर्वेश, दिनेश, विजय प्रताप, दिनेश गुप्ता, विवेक, रामकृष्ण, प्रेम कौशल, अमर जायसवाल आदि मौजूद रहे।