दुकान की जांच करते खाद्य सुरक्षा अधिकारी।स्रोत-सोशल मीडिया
पडरौना। खाद्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को जांच के दौरान मिलावटी बेसन को जब्त कर खोआ को नष्ट कराया है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जांच अभियान आगे भी जारी रहेगी।
सहायक आयुक्त खाद्य , द्वितीय प्रदीप कुमार राय ने बताया कि होली पर्व पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की तरफ से विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अब तक मिठाई, पनीर, सरसो के तेल और बेसन के 13 नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान के तहत शुक्रवार को कसया में विशेष जांच अभियान चलाया गया।
इस दौरान कसया के दीनदयाल उपाध्याय वार्ड स्थित एक दुकान से 40 किलोग्राम खोआ मिलावटी मिला। इसको गंभीरता से लेते हुए तत्काल नष्ट करा दिया गया है। इसके अलावा कसया के सपहा रोड स्थित एक दुकान से पैकेट बंद बेसन की जांच की गई। जांच के दौरान पैकेट बंद बेसन पर कंपनी का नाम स्पष्ट नहीं लिखा था। इसके अलावा पैकेट पर वैधता और निर्माण की तिथि भी नही थी। बेसन के पैकेट को खोलकर जांच की गई तो प्रथम दृष्टया उसमें मिलावट मिली है। इसको गंभीरता से लेते हुए दुकान पर उपलब्ध 158.5 किलोग्राम बेसन जब्त कर लिया गया है। जांच के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थ मिला तो नष्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।