उसका बाजार क्षेत्र के महुआ स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल लेने को लेकर हुई मारपीट। स्रोत विज्ञप्ति
उसका बाजार। थाना क्षेत्र के महुआ स्थित पेट्रोल पंप पर बुधवार दोपहर डीजल लेने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना के बाद पेट्रोल पंप परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा।
नगर पंचायत के शिवाजी नगर वार्ड निवासी सचिन ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में आरोप लगाया है कि वह महुआ पेट्रोल पंप पर डीजल लेने के लिए गैलन लगाए हुए था। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और गैलन लगाने को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कई लोगों ने मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। वीडियो में चार-पांच लोग दो युवकों को घेरकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान युवकों के कपड़े भी फट गए। वीडियो में एक पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद नजर आ रहा है। मारपीट के दौरान पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, जबकि कुछ लोग तमाशबीन बने रहे। घटना के बाद काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
इस संबंध में थाना प्रभारी संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि घटना के समय मौजूद पुलिसकर्मियों ने मारपीट करने वाले लोगों को हिरासत में ले लिया था। मामले में शांतिभंग की धारा में कार्रवाई की गई है। साथ ही पेट्रोल पंप पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी प्रकार की अफरा-तफरी न हो।