बांसी/डुमरियागंज। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में शनिवार को वृद्धा समेत दो की मौत हो गई। पहली घटना बांसी क्षेत्र की है। यहां हादसे में वृद्धा ने दम तोड़ दिया। पुलिस छानबीन कर रही है। दूसरी घटना में डुमरियागंज क्षेत्र के बैदोला में मारपीट में वृद्ध की मौत हुई। इस मामले में पुलिस को सूचना नहीं दी गई है। मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के तीबर ग्राम के दसिया टोला निवासी सावित्री (65) शनिवार को अपने घर से खेत की तरफ जा रही थी। इसी दौरान गांव की ओर से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। आनन-फानन में ग्रामीण इलाज के लिए वृद्धा को अस्पताल के लिए जा रहे थे, रास्ते में उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। उधर, डुमरियागंज के बैदोला स्टैंड के पास एक वृद्ध का किराए को लेकर टैक्सी चालक से विवाद हो गया। बताते हैं कि विवाद के दौरान चालक ने उसकी पिटाई कर दी। मारपीट में जख्मी वृद्ध ने मौके पर दम तोड़ दिया। मृतक क्षेत्र के अमौना गांव का निवासी बताया जाता है। सूचना पर पहुंचे परिजन शव लेकर चले गए। इस मामले में पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई। एसओ आरडी मौर्य ने बताया कि इस संबंध में किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है और न ही मामला संज्ञान में है।