सिद्धार्थनगर। मतदान को सकुशल संपंन कराने के लिए मतदान कार्मिकों के दूसरे चरण का प्रशिक्षण शनिवार से शुरू हुआ। पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय व तृतीय ने प्रशिक्षण में हिस्सा लिया और सफलता पूर्वक चुनाव कराने के टिप्स जाने।
सनई स्थित जय किसान इंटर कॉलेज में प्रशिक्षण के पहले दिन ईवीएम के मास्टर टे्रनरों ने क्रमांक 1 से 360 तक के कर्मचारियों को प्रशिक्षण में विस्तार पूर्वक एक-एक बिंदुओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी अधिकारी कार्मिक सीडीओ अनिल कुमार मिश्र व सहयोगी अधिकारी परियोजना निदेशक डीपी सिंह, डीआईओएस सोमारू प्रधान, बीएसए अरविंद कुमार पाठक, बीडीओ संतोष कुमार सिंह की देखरेख में हुआ। इस अवसर पर 302 विधानसभा क्षेत्र शोहरतगढ़ के सेक्टर अफसर, जोनल अफसरों ने भी प्रशिक्षण में हिस्सा लिया।
मतदान कार्मिकों को बताया गया कि जो कर्मचारी इस जनपद के वोटर भी हैं। उन्हें प्रारूप-12 की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। सभी कार्मिकों को यह भी निर्देश दिया गया कि जो रविवार को प्रशिक्षण में भाग लेंगे और जनपद के मतदाता भी है, वह अपना बूथ संख्या, मतदाता सूची की संख्या व मतदाता क्रमांक लिखकर लाएंगे तो उन्हें प्रारूप-12 पर अंकित करके यह सुविधा प्रदान की जाएगी। रविवार को क्रमांक 361 से लेकर 720 तक के कर्मचारियों का प्रशिक्षण होगा।