आंधी से तारों पर गिरी टहनियां, बिजली गुल
सिद्धार्थनगर। जिले में कई जगहों पर बुधवार की रात में आई आंधी से बिजली की आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई। तारों पर पेड़ और डालियां गिर जाने से लोगों को घंटों बिजली नहीं मिली।
डुमरियागंज प्रतिनिधि के अनुसार, बुधवार की देर रात आंधी से कई जगह पेड़ और टहनियों के टूट कर तारों पर गिरने से बिजली की आपूर्ति बाधित रही। दोपहर तक बिजली गुल रही। गड़बड़ी को ठीक करने में बिजली कर्मी जुटे रहे।
क्षेत्र में बुधवार की रात 11 बजे आई आंधी और बूंदाबांदी से लोगों को कुछ हद तक तपती गर्मी से राहत मिली। दूसरी ओर आंधी के चलते डुमरियागंज नगर स्थित पेट्रोल पंप के पीछे 33 केवीए आपूर्ति वाली लाइन पर पेड़ की टहनियों के टूटकर गिर जाने से नगर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसी तरह खानतारा फीडर के खुरपहवा तथा सोनाहटी के आगे बढ़नी कोल्ड स्टोरेज के निकट आपूर्ति वाली लाइन पर आम के पेड़ की डाल गिरने से ग्रामीण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बुधवार रात 12 बजे से बाधित हो गई।
फाल्ट को ठीक करने में विद्युत कर्मियों ने घंटों मशक्कत की। कई स्थानों पर दोपहर 12 बजे आपूर्ति बहाल हो गई। इस संबंध में एसडीओ विद्युत बबलू चौधरी ने बताया कि बुधवार की रात आई आंधी से कई स्थानों पर आपूर्ति की लाइन पर पेड़ की टहनियां गिर गई थीं। लाइन को सही करवाया जा रहा है। नगर क्षेत्र की आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
शोहरतगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र में बुधवार रात आई आंधी से ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमराई गई है। लोगों को कठिनाई का सामना करना पड़ा। बृहस्पतिवार को भी कई स्थानों पर बिजली गुल रही। बरगदवा में नया बिजली पोल स्थापित कर पूरा दिन लाइनमैन पेट्रोलिंग करके फाल्ट की खोज में लगे रहे। हालांकि शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी। गर्मी में बिजली न मिलने से लोग पूरा दिन परेशान रहे और घरेलू उपकरण भी बंद रहे। विष्णु, अमित, करन, अमीर, आकाश, अमन आदि कहना है कि पूरा दिन बीत गया है, बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है।
रात में बिजली नहीं मिलने से परेशानी और बढ़ जाएगी। इस संबंध जेई अनिल यादव ने बताया कि रात में आंधी से हुए फाल्ट को ठीक कराया जा रहा है। जगह-जगह लाइनमैन फाल्ट ठीक करने के लिए लगे हैं। जल्द आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।