कैंपियरगंज में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो की मौत
सिद्धार्थनगर। उसका बाजार थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों के दो लोगों की गोरखपुर जनपद के कैंपियरगंज के थाना घघवा चौराहे के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से मौत हो गई। मौत की खबर मिलने के बाद से दोनों गांव में मातम छा गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के सदस्य कैंपियरगंज के लिए रवाना हो गए।
जानकारी के मुताबिक उसका बाजार थाना क्षेत्र के गायघाट गांव निवासी राधेश्याम (28) बगल के अजगरा गांव निवासी तौलन यादव के ट्रैक्टर-टॉली पर बांस लादकर कहीं पहुंचने के लिए सुबह चार बजे घर से निकल गए थे। गाड़ी के साथ गाड़ी मालिक तौलन यादव का सबसे छोटा लड़का सनि यादव (19) भी था। कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के घघवा चौराहा के पास चालक राधेश्याम गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी पलट गई। हादसे में नीचे दबकर दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बगल के खेत में कृषि कार्य कर रहे लोगों ने घटना स्थल पर पहुंचकर घटना की जानकारी कैंपियरगंज पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त करने के बाद सूचना उसका पुलिस को दी। इसके बाद परिवार को जानकारी हुई। मौत की खबर मिलने के बाद दोनों गांव में मातम छा गया। दोनों युवकों के परिवार के सदस्य जानकारी मिलने के बाद घटना स्थल पर पहुंच गए। राधेश्याम के परिवार में तीन बेटियों हैं और एक बेटा है। पत्नी शीला के ऊपर विपत्तियों का पहाड़ टूट पड़ा। बच्चों को रोता हुआ देखकर हर किसी के आंख से आंसू आ जा रहे थे।