ढेबरुआ थाना क्षेत्र के कठेला गर्वी गांव के पटना टोला में अपने ही ट्रैक्टर की चपेट में आने से 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। ढलान पर खड़े ट्रैक्टर का गियर हटाना ही बालक के लिए काल बन गया।
पुलिस ने पंचनामा कर शव परिजनों को सौंप दिया है। बालक की मौत से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है। पटना टोला भुर्रे यादव का ट्रैक्टर बूढ़ी राप्ती नदी के बांध पर खड़ा था।
ढलान होने के कारण ट्रैक्टर को गियर में खड़ा किया गया था। भुर्रे का 10 वर्षीय भाई अंश ट्रैक्टर की ड्राइविंग सीट पर बैठा था। किसी तरह उसका पैर लगने से गियर हट गया।
बेकाबू ट्रैक्टर कुछ दूर जाकर बांध की नीचे पलट गई। इसकी चपेट में आने से अंश की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की सहमति के बाद शव का पंचनामा कर उन्हें सुपुर्द कर दिया।