सिद्धार्थनगर। छह फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा को सकुशल व शांतिपूर्ण माहौल में संपंन कराने को लेकर परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया है। जिले के 70 परीक्षा केंद्रों को पांच जोन में बांटा गया है। हर जोन का नोडल अधिकारी संबंधित सर्किल के सीओ को बनाया गया है। उन्हीं की मॉनिटरिंग में सुरक्षा कर्मी ड्यूटी करेंगे। हर परीक्षा केंद्र पर एक दरोगा की तैनात की गई है। परीक्षा में थानेदार के अलावा पुलिस व होमगार्ड सहित पांच सौ से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए जा रहे हैं।
परीक्षा में सुरक्षा व्यवस्था का बेहतर इंतजाम किया गया है। योगी सरकार परीक्षा को हर हाल में नकलविहीन संपंन कराने को लेकर प्रतिबद्ध है। लिहाजा नकल को रोकने के हर प्रकार के उपाय किए जा रहे हैं। डीआईओएस के भेजे गए पत्र पर सुरक्षा का खाका तैयार कर लिया गया है। इसमें सामान्य श्रेणी वाले परीक्षा केंद्रों पर एक दरोगा, तीन आरक्षी, तीन होमगार्ड की तैनाती की गई है, जबकि संवेदनशील घोषित 13 परीक्षा केंद्रों पर एक दरोगा, एक हेड कांस्टेबल, चार सिपाही व तीन होमगार्ड तैनात रहेंगे। इसके अलावा संबंधित थाना क्षेत्र के थानेदार परीक्षा के दौरान केंद्रों का भ्रमण कर पल-पल की गतिविधियों की जानकारी लेंगे।
कहीं किसी भी प्रकार की गड़बड़ी होने या फिर बवाल की स्थिति उत्पन्न होने पर सख्ती से पेश आएंगे। इस संबंध में एसपी डॉ. धर्मबीर सिंह ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शासन के मनांशनुसार सुरक्षा कर्मियों को लगा दिया गया है। परीक्षा में किसी प्रकार का व्यवधान करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।