सिद्धार्थनगर। नौतपा के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। जिले में अगले तीन दिनों तक तेज हवा, गरज-चमक और हल्की बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के असर से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि 29 से 31 मई के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही, तेज हवाएं और हल्की बारिश लोगों को भीषण गर्मी से राहत दे सकती है।
बृहस्पतिवार देर रात चली तेज आंधी और छिटपुट बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही और तेज हवाओं के चलते पेड़ व बिजली के खंभे गिरने की घटनाएं सामने आईं। रातभर चली हवाओं से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन मौसम की इस करवट ने लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटे में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने और कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना है। पूर्वी दिशा से सामान्य और सामान्य से तेज गति से हवाएं चल सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ और ट्रफ रेखा के असर से बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से लगातार नमी खिंच रही है, जिससे वातावरण में बादलों की सक्रियता बनी हुई है।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय अयोध्या से जारी आंकड़ों के अनुसार जिले का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.5 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 80 प्रतिशत और न्यूनतम 48 प्रतिशत रही। दक्षिण-पूर्वी दिशा से करीब 9.8 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चली।
दिनभर मौसम साफ रहने के बावजूद हवा में चिपचिपापन कम महसूस हुआ। दोपहर में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा, लेकिन तेज हवाओं के चलते गर्मी के तेवर ज्यादा तीखे नहीं रहे। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि नौतपा के दूसरे चरण में शुक्रवार से शनिवार के बीच मौसम और ज्यादा सक्रिय हो सकता है।
मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि फिलहाल पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। यदि मौजूदा मौसमी प्रणाली सक्रिय बनी रही तो अगले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। उन्होंने कहा कि गरज-चमक और तेज हवा के दौरान लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।