शादी में गया था परिवार, चोर खंगाल ले गए घर
बांसी कोतवाली क्षेत्र के तिलौली बाजार की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी। कोतवाली क्षेत्र स्थित तिलौली बाजार में शनिवार की रात दरवाजे की कुंडी तोड़कर चोर घर में घुस गए और सामान उठा ले गए। मकान मालिक ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
क्षेत्र के तिलौली बाजार निवासी प्रमोद भट्ट का परिवार शनिवार की शाम को शादी में शामिल होने के लिए कोतवाली क्षेत्र के डंडवार भट्ट गांव अपने रिश्तेदार राम लखन भट्ट के घर गया था। सुबह वहां से आने के बाद घर के अंदर का दृश्य देखकर वह स्तब्ध रह गए और पुलिस को सूचना दी। प्रमोद भट्ट ने बताया कि घर के अंदर संदूकों में रखे सामान बिखरे हुए थे। देखा तो पिछले दरवाजे की कुंडा टूटी हुई थी। चोर आभूषण व नकदी सहित लाखों रुपये का सामान उठा ले गए। कोतवाल बांसी शैलेश सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पर वह मौके पर गए थे। एक संदिग्ध से पूछताछ चल रही है। मकान मालिक की ओर से उन्हें कोई तहरीर नहीं मिली।