रामपुर कारखाना। थाना क्षेत्र में असलहा लेकर बदमाशों के बैठने की सूचना पर रामपुर कारखाना पुलिस करीब दो घंटे तक हलकान रही।
मौके पर पहुंचकर जब पुलिस ने घेराबंदी कर युवकों को पकड़ा तो उनके पास से प्लास्टिक का असलहा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
बताया जाता है कि अहिरौली गांव स्थित एक मुर्गी फार्म के पास बुधवार देर रात गांव के आधा दर्जन से अधिक युवक बैठकर दावत कर रहे थे और आपस में हंसी-मजाक कर रहे थे। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दे दी कि कुछ बदमाश असलहा लेकर बैठे हैं।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर सभी युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान चार-पांच युवकों के पास प्लास्टिक का असलहा मिला। पुलिस सभी युवकों को थाने ले आई, जहां पूछताछ के बाद उनके अभिभावकों को बुलाया गया और सख्त चेतावनी देकर उन्हें सुपुर्द कर दिया गया। वहीं क्षेत्र में चर्चा है कि पुलिस द्वारा प्लास्टिक का असलाह दिखाया जा रहा है। वह लोगों को गले से नहीं उतर रहा है। थानाध्यक्ष अश्वनी प्रधान ने बताया कि उन्हें हाल ही में थाने का चार्ज मिला है और इस मामले की जानकारी नहीं है।