धेंसा। नौगढ़ ब्लॉक के सिरवत गांव में स्थित में पशु सेवा केंद्र दो वर्ष से बन कर तैयार होने के बाद भी संचालित नहीं हो रहा है। इससे 20 गांवों के हजारों पशुओं के इलाज का संकट गहरा गया है। इस पशु सेवा केंद्र संचालित न होने के कारण पालकों को अपने पशुओं का इलाज कराने में काफी कठिनाई हो रही है जबकि विभाग पशुओं के बेहतर इलाज का दावा कर रहा है।
नौगढ़ ब्लॉक क्षेत्र के सिरवत स्थित पशु सेवा केंद्र विगत 10 वर्ष से नियमित रूप से संचालित नहीं हो रहा है। पूर्व में यह भवन जर्जर हालत में था। दो वर्ष पूर्व इसका निर्माण कार्य शुरू हुआ तो क्षेत्रीय लोगों को राहत मिली कि जल्द ही पशु सेवा केंद्र का संचालन शुरू हो जाएगा लेकिन भवन बनकर तैयार हो जाने के बाद भी वहां कोई पशु चिकित्सक नहीं बैठ रहा है। ऐसी स्थिति में अगर किसी पशुपालक को जरूरत पड़ती है या अन्य किसी तरह की परेशानी होती है तो उसे निजी चिकित्सक के पास जाना या उसे बुलाना पड़ता है। इसके लिए उन्हें हजारों रुपये भी खर्च करने पड़ जाते हैं।
न्याय पंचायत सिरवंत में आने वाले ग्राम पंचायत साहा, सेमरियांव, बस्ठा, कपिया, मनोहरी, पकड़ीं, बरगदवा, कनुआडीह के पशुपालकों को अपने पशुओं के इलाज के लिए प्राइवेट डॉक्टरों का ही भरोसा है। केसरी चौधरी, अजय कुमार शुक्ल, सतीश सिंह, शिव प्रसाद आदि पशुपालकों ने पशु सेवा केंद्र संचालन की मांग की है।