संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी/ सिद्धार्थनगर। माघ मेला मैदान जदीद बाजार की भूमि पर हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन ने शनिवार का समय दिया था।
इसको लेकर पूरे दिन नगर में असमंजस की स्थित बनी रही। रामलीला मैदान में सुबह तो सब्जी मंडी लगी, लेकिन शनिवार को लगने वाली साप्ताहिक बाजार को प्रशासन ने नहीं लगने दिया। यही नहीं जिम्मेदारों के आदेश की प्रतीक्षा में नगर पालिका कार्यालय के निकट माघ मेला मैदान में छह जेसीबी सुबह से खड़ी रहीं।
रामलीला मैदान जदीद बाजार में हुए अतिक्रमण और इसे हटाए जाने का प्रकरण इन दिनों काफी चर्चा में है और इस पर नगरवासियों की निगाह है। इस मामले में कुछ लोगों का कहना है कि अतिक्रमण हटना चाहिए तो वहीं काफी लोगों का कहना है कि आगे का हिस्सा अतिक्रमण में है और घर का पुराना वाला हिस्सा अतिक्रमण में नहीं है जो गिरना नहीं चाहिए। प्रशासन ने एक सप्ताह पूर्व ही सभी कब्जाधारकों लाल निशान लगाकर चिह्नित कर निर्देश दिए थे कि वह अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा शनिवार को बलपूर्वक अतिक्रमण हटा दिया जाएगा।
इसको लेकर प्रशासन ने रामलीला मैदान जदीद बाजार में प्रतिदिन लगने वाली सब्जी मंडी और साप्ताहिक बाजार को 18 से 22 अप्रैल तक वहां न लगाकर माघ मेला मैदान में लगाया जाए। शनिवार को सुबह सब्जी मंडी तो लगी परंतु दस बजे के बाद जब साप्ताहिक बाजार लगने लगी तो दिन में ग्यारह बजे प्रशासन के निर्देश पर बाजार लगाए लोगो को पुलिस ने वहां से हटा दिया और बाजार नहीं लगने दिया।