खंभों से तार काट ले गए चोर
इटवा। स्थानीय थाना क्षेत्र के सिरसिया में 132 केवीए केंद्र से इटवा तहसील के फीडर को जोड़ने वाली लाइन के तार चोर काट ले गए। चोरों का सुराग लगाने में पुलिस जुटी है।
सिरसिया के 132 केवीए विद्युत केंद्र से इटवा विद्युत उपकेंद्र पर तहसील फीडर से लाइन जोड़ी गई थी। कुछ माह तक इस लाइन से बिजली आपूर्ति हुई थी। 132 केवीए विद्युत केंद्र भिलौरी भिलौरा के शुरू होने पर इटवा को विद्युत आपूर्ति इस केंद्र से दी जाने लगी। इससे यह लाइन अनुपयोगी हो गई थी।
इसी का फायदा चोरों ने उठाया और वे करहिया पुल से पहले कांग्रेस पार्टी कार्यालय के पास एकलेनिया स्थित विद्यालय के पास, चौखड़ा स्थित राजकीय डिग्री कॉलेज के पास व बेनीनगर व पचऊध के बीच कई खंभों को जोड़ रही लाइन के तार काट ले गए। चोरी हुए तारों की कीमत लगभग बारह लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
इस संबंध में अधिशासी अभियंता डुमरियागंज राम मूरत का कहना है कि मामले की जानकारी उन्हें नहीं है। कहा कि पता करा रहा हूं। वहीं, एसओ इटवा विंदेश्वरीमणि त्रिपाठी का कहना है कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।