पैदल जा रहे युवक की बाइक की चपेट से मौत
भनवापुर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के भनवापुर ब्लॉक के पास रविवार को पैदल जा रहा युवक, बाइक की चपेट में आ गया। इस हादसे में युवक की मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
क्षेत्र के भनवापुर गांव निवासी घिसियावन (36) पुत्र राम चरितर किराने की दुकान पर घरेलू सामान खरीदने के लिए घर से पैदल निकले थे। उसी बीच त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी चालक बाइक लेकर आ रहा था। घिसियावन उसी बाइक की चपेट में आ गए। घिसियावन सड़क पर गिर गए।
यह देख पड़ोस के लोगों ने घिसियावन को उठाकर बेहोशी के हालत में सीएचसी इटवा ले गए, जहां हालत गंभीर देख डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय घायल ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल पहुंच तो चिकित्सकों ने बताया कि घायल युवक की पहले ही मौत हो चुकी है। मौत की खबर मिलने के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबध में प्रभारी निरीक्षक रामकृपाल शुक्ल ने कहा कि हादसे की सूचना है, मगर कोई तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।