सिद्धार्थनगर। हाईवे पर धुंधली पड़ चुकी लेन और किनारी पट्टियों की वजह से बढ़ते सड़क हादसों पर अब ब्रेक लगेगा। हादसों से सबक लेने के लिए नेशनल हाईवे प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग की पहल पर हाईवे बांसी–बस्ती मार्ग (स्टेट हाईवे) पर नई सफेद और पीली पट्टियां उकेरी जा रही है, ताकि वाहन चालकों को स्पष्ट दिशा-संकेत मिलें और दुर्घटनाओं की आशंका घटे।
जिले में बांसी- बस्ती और सनई- शोहरतगढ़ एनएच है। इसके अलावा स्टेट हाईवे है, कोहरे में सड़कों पर से वाहन उतरने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। कोहरे में न दिखाई पड़ने के कारण कई वाहन के नीचे उतर जाने के मामले में सामने आ चुके हैं। एनएच की ओर से हाईवे के मोड़, घुमावदार हिस्सों और मुड़ने वाले रास्तों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जहां पहले पट्टियां धुंधली हो चुकी थी, वहां रेफ्लेक्टिव सफेद व पीली पेंट से दोबारा मार्किंग की जा रही है।
मोड़ वाले स्थानों पर घुमाव का संकेत भी स्पष्ट किया जा रहा है, ताकि रात और कोहरे में भी चालक दूरी और दिशा का सही अनुमान लगा सकें। विभाग का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार हो रहे सड़क हादसों के मद्देनजर यह कार्य प्राथमिकता पर लिया गया है। नई पट्टियों से लेन अनुशासन मजबूत होगा, ओवरटेकिंग में सावधानी बढ़ेगी और पैदल, दोपहिया चालकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।