ठंड में बढ़ा हार्ट अटैक और लकवा का खतरा, भारी पड़ सकती है लापरवाही
सिद्धार्थनगर। ठंड में अधिक उम्र के लोगों की परेशानी बढ़ रही है। खासकर बुजुर्गों की दिक्कत और बढ़ रही है। उच्च रक्तचाप और शुगर के रोगियों की लापरवाही उन्हें लकवा और हार्ट अटैक का शिकार बना सकती है। जिला अस्पताल में इन रोगियों की संख्या में एकाएक वृद्धि हो गई है। प्रतिदिन एक से दो मरीज पहुंच रहे हैं। चिकित्सक सलाह दे रहे हैं कि ऐसे लोग ठंड से बचाव करें और अगर उच्च रक्तचाप और शुगर के रोगी हैं तो नियमित दवा का सेवन करें।
चिकित्सकों का कहना है कि कम उम्र में भी लोग उच्च रक्तचाप और शुगर से पीड़ित मिल रहे हैं। वहीं खानपान में बदलाव के कारण अधिकांश वृद्धि भी उच्च रक्तचाप और शुगर से ग्रस्त हैं। ऐसे कुछ लोग दवा लेते हैं। कुछ दवा नहीं लेते हैं। चिकित्सकों का कहना है कि नियमित दवा का सेवन न करने वाले और कई गंभीर बीमारी शिकार हो जाते हैं। ठंड बढ़ने के बाद अधिक उम्र के लोगों की परेशानी बढ़ती नजर आ रही है। जिला अस्पताल में प्रतिदिन एक से दो हार्ट अटैक और लकवा के शिकार मरीज आ रहे हैं। इलाज के बाद उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया जा रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक, इनमें सभी मरीज उच्च रक्तचाप और शुगर से पीड़ित हैं। इसमें सभी 50 की पार उम्र के लोग शामिल हैं। चिकित्सक बचाव और नियमित दवा करने की सलाह दे रहे हैं।
अधिक उम्र है तो हो जाएं सतर्क
लकवा और हार्ट अटैक का सबसे अधिक खतरा शुगर और उच्च रक्तचाप के मरीजों को होता है। मगर चिकित्सक बताते हैं कि अगर उम्र 55 के पार है तो सावधान हो जाएं। हालांकि यह जरूरी नहीं कि उच्च रक्तचाप और शुगर के मरीज रहें, तभी लकवा मार सकता है। आमतौर पर ऐसे मौसम में 55 से अधिक उम्र वालों को ठंड अधिक लगती है। ऐसे में रक्तचाप बढ़ता और घटता है। इन परिस्थितियों लकवा मार सकता है। इस लिए ठंड से बचना बेहद जरूरी है।
‘ब्लड प्रेशर व शुगर आम बीमारी बनी’
जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सीबी चौधरी बताते हैं कि खान पान और मानसिक तनाव के कारण ब्लड प्रेशर और शुगर आम बीमारी बन चुकी है। 30 प्रतिशत लोग शुगर के शिकार मिल रहे हैं। इस बीमारी से ग्रसित अधिक उम्र के लोग अन्य कई बीमारियों के शिकार हो जाते हैं।