महराजगंज। जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी और आकस्मिक निधन की स्थिति में आर्थिक सहयोग प्रदान करने वाली फास्ट रिलीफ चैरिटेबल टीम इस माह जिले की आठ बेटियों की शादी में आर्थिक सहायता देगी।
संस्था प्रत्येक पात्र परिवार को दो-दो लाख रुपये की सहायता सहित कुल 16 लाख रुपये का सहयोग करेगी। जिलाध्यक्ष सुधीर त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने संबंधित परिवारों का भौतिक सत्यापन कर आवश्यक दस्तावेज एकत्र किए हैं।
जिलाध्यक्ष सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि इस माह फरेंदा के महुअवा उर्फ महुई निवासी राम मिलन की पुत्री रिशू, मिठौरा के पनेवा-पनेई निवासी शाह मोहम्मद की पुत्री कनिजे आयशा, पनियरा के औरहिया निवासी अकाली की पुत्री शशिकला, रजुला की पुत्री रंजनी, सतगुर निवासी राम प्रवेश मौर्य की पुत्री स्मिता मौर्य, बड़वार निवासी फातिमा खातून की पुत्री समिरुन निशा, हरखपुरा निवासी नौमीनाथ की पुत्री निशा पाल और जंगल बड़हरा निवासी हेवंती की पुत्री माया की शादी के लिएसहयोग स्वीकृत किया गया है।