संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली कटौती बढ़ गई है। शहर से गांव तक बिजली संकट से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। दिन में तो लोग किसी तरह से बिता रहे हैं, लेकिन रात में बिजली न आने से लोग करवटें बदलते रहते हैं। जबकि कई दिनों तक नींद पूरी न होने से लोगों का स्वास्थ्य भी प्रभावित हो सकता है।
एक ओर विद्युतीकरण पर लाखों खर्च कर दिए गए और थोड़ा सा ओवरलोड होते ही बिजली की आंख मिचौली शुरू हो जाती है। सुबह से रात और दिन में बिजली संकट के कारण लोगों की रात करवटों में गुजर रही है। साथ ही कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं। िजले में विद्युतीकरण पर भले ही भारी भरकम बजट खपाया गया हो, लेकिन स्थिति अभी भी जस की तस है। गर्मी में इजाफा होते ही बेतहाशा बिजली कटौती हो रही है। ओवरलोडिंग के कारण फीडरों पर ट्रिपिंग कई गुना बढ़ गई है। हर 15 से 20 मिनट पर बिजली की आवाजाही लगी रहती है। इससे लोगों को गर्मी में परेशान होना पड़ रहा है।
शुक्रवार की रात में शहर सहित ग्रामीण इलाकों में लाइट की आवाजाही लगी रही। इस कारण से लोग सही ढंग से सो भी नहीं पाए। पूरे दिन गर्मी से होने वाली परेशानी के साथ रात में हो रही बिजली कटौती से हर कोई परेशान है, जिससे लोगों को दिन व रात दोनों समय नींद खराब हो रही है। जबकि बिजली कटते ही ऑफिस के कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।