संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। केंद्रीय मार्ग निधि योजना से जिले के बांसी से नंदौर होते हुए खलीलाबाद तक जाने वाले मार्ग का 51.13 करोड़ रुपये से चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण होगा। जिले में 17 किमी लंबे इस मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए प्रथम किस्त के तौर पर 17.89 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इससे बांसी से खेसरहा, मेहदावल, नंदौर व खलीलाबाद समेत अन्य स्थानों पर लोगों का आवागमन सुगम हो जाएगा।
यह जानकारी सांसद जगदंबिका पाल ने कैंप कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने ने बताया कि केंद्रीय मार्ग निधि से वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत इस मार्ग के निर्माण की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति और धनराशि आवंटन की जानकारी उप सचिव उत्तर प्रदेश शासन रिपुनजय गुप्ता ने दी है। अनु सचिव ने प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष लोक निर्माण विभाग को भेजे पत्र में बताया है कि बांसी-नंदौर-खलीलाबाद राज्य मार्ग संख्या 88 के किमी 0 से 17 तक निर्माण कार्य की स्वीकृति राज्यपाल की ओर से की गई है।
इस मार्ग के चौड़ीकरण से पहले बिजली पोल आदि हटाने का कार्य होगा। साथ ही निर्माण के दौरान कुछ स्थानों पर नए पुलिया भी बनाए जाएंगे। सांसद ने बताया कि जल्द ही विभाग की ओर से इस मार्ग का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
वर्तमान में सकरा है बांसी खेसरहा मार्ग : बांसी से खेसरहा होते हुए खलीलाबाद तक जाने वाला मार्ग वर्तमान में सकरा है, जबकि इस मार्ग पर प्रतिदिन आवागमन करने वाले वाहनों की तादाद अधिक है। वाहनों के ओवरलोड के कारण कई जगहों पर यह मार्ग क्षतिग्रस्त भी हो गया है।