संवाद न्यूज एजेंसी
तुलसियापुर। शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम को पत्र लिखकर सिद्धार्थनगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में उन्हें न बुलाने पर आपत्ति जताया है। उन्होंने इसका कारण बताने को कहा है।
शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने डीआरएम को भेजे पत्र में पूछा कि अमृत योजना के तहत हुए लोकार्पण कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का था, जो सबका कार्यक्रम था। इसमें मुझे क्यों और किसके इशारे पर नहीं बुलाया गया। उन्होंने सवाल किया कि इसके पीछे किसकी राजनीति थी और इसको क्रियान्वित करने में आपकी क्या भूमिका थी। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद, भर्त्सना करने योग्य व लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है जो कि मेरे लिए बेहद कष्टकारी है। मेरे द्वारा फोन पर पूछने पर भी अभी तक आपने इसके कारण की कोई सूचना भी नहीं दी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए डीआरएम से पूछा कि इस कृत्य के लिए क्यों न आपके विरुद्ध उचित कार्रवाई व जांच से संबंधित पत्राचार किया जाए।