सिद्धार्थनगर। विधानसभा चुनाव में नामांकन के अंतिम दिन उम्मीदवारों की भीड़ रही। कुल 25 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। बांसी से सर्वाधिक आठ ने पर्चा भरा, जबकि शोहरतगढ़ से सपा व कांग्रेस समेत सात ने नामांकन किया। कपिलवस्तु सीट से दो, इटवा से तीन और डुमरियागंज से पांच उम्मीदवारों ने नामांकन किए। इटवा से विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय, बसपा के अरशद खुर्शीद, कपिलवस्तु से विजय पासवान, बांसी से लालजी यादव ने नामांकन पत्र का एक-एक अतिरिक्त सेट भी जमा किया।
नामांकन का अंतिम दिन होने के चलते कलेक्ट्रेट के इर्द-गिर्द गहमागहमी बनी रही। पर्याप्त फोर्स मुस्तैद थी तो समर्थकों की भी भीड़ लगी रही। हर कोई ऐसे उम्मीदवारों को निहारने में जुटा हुआ था, जो अपनी राह भले न आसान करें, लेकिन दूसरों के लिए जरूर मुश्किल खड़ा कर सकते हैं। सुबह 11 बजे से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होते ही उम्मीदवारों की भीड़ कलेक्ट्रेट परिसर में घुसने लगी। एक साथ चार प्रस्तावकों के साथ उम्मीदवारों को प्रवेश दिया गया। गुरुवार को बांसी विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय लोक दल से किरन शुक्ला, ओजस्वी पार्टी से कमलेश, निर्बल इंडियन शोषित हमारा दल से मो.उमर, बहुजन मुक्ति पार्टी से जवाहर लाल, बहुजन महा पार्टी से अरविंद कुमार, निर्दल पूनम व अर्जुन ने नामांकन कराया। कपिलवस्तु से देवेंद्र नाथ ने बहुजन मुक्ति पार्टी व पिंगल प्रसादने निर्दल उम्मीदवार के रूप में फार्म जमा किया।
इटवा से आनंद स्वरूप ने राष्ट्रीय लोकदल, राकेश ने बहुजन मुक्ति पार्टी, लालजी ने निर्दल, डुमरियागंज से अशोक सिंह ने पीस पार्टी, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया से रामविलास, मंगल प्रसाद, रामविलास और गणेश दत्त पांडेय ने निर्दल उम्मीदवार के रूप में नामांकन किया। शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र से सपा के उग्रसेन प्रताप सिंह, कांग्रेस के अनिल सिंह, बहुजन मुक्ति पार्टी के केशव राम, बहुजन महा पार्टी के शमसुद्दीन, सर्वोदय भारत पार्टी से राकेश प्रताप ने नामांकन किया। डॉ. आशीष प्रताप सिंह और बृजवासिनी गिरी ने निर्दल प्रत्याशी के रूप में नामांकन कराया।