शोहरतगढ़ बीआरसी पर दिव्यांगों का स्वास्थ्य जांचते चिकित्सक।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
शोहरतगढ़। ब्लाक संसाधन केंद्र पर सर्व शिक्षा अभियान के तहत समेकित शिक्षा द्वारा विशिष्ट आवश्यकता वाले परिषदीय विद्यालय के 6 से 14 आयु वर्ग के बच्चों के लिए एसेसमेंट शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 58 दिव्यांगों का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ।
शिविर में संयोजक जिला समन्वयक समेकित शिक्षा नागेंद्र प्रताप सिंह ने अभिभावकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य विशिष्ट आवश्यकता वाले बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोडना है। शासन स्तर पर विभिन्न योजनाओं से बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोडने का प्रयास किया जा रहा है। लोगों को अपने बच्चों के प्रति संवेदनशील और योजनाओं के प्रति जागरूक होने की आवश्यकता है।
फिजियोथेरेपिस्ट खुर्शीद आलम ने आर्थोपेडिक बच्चों को विभिन्न प्रकार की एक्सरसाइज के बारे में बताया। शिविर में संयुक्त जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ.एके झा, नेत्र सर्जन डॉ.आरके वर्मा की टीम ने आर्थोपेडिक के 30, मानसिक मंद 10, श्रवण बाधित 13 व दृष्टि बाधित 5 बच्चों समेत कुल 58 बच्चों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करते हुए स्वास्थ्य संबन्धित जानकारी दी। इस अवसर पर सह समन्वयक मनोज यादव, मुश्तन शेरुल्लाह, राकेश चौधरी, सुमरन, जितेंद्र, चंद्रभान सिंह, वीरेंद्र, पंकज आदि मौजूद रहे।