बस्ती। पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या सात और आठ पर चल रहे पैदल उपरिगामी पुल निर्माण कार्य के चलते रेलवे प्रशासन की ओर से यातायात पावर ब्लॉक लिया गया है। जिसके चलते गोरखपुर-गोंडा अप और डाउन पैसेंजर ट्रेन को 29 मई से सात जून तक के लिए निरस्त कर दिया गया है। इस ट्रेन के निरस्त होने से छोटे रेलवे स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को मुश्किलों को सामना करना पड़ेगा।
यातायात पावर ब्लॉक के चलते गोरखपुर-बस्ती, गोंडा के रास्ते जाने वाली गोरखपुर बांद्रा टर्मिनस स्पेशल ट्रेन 29 मई को निरस्त रहेगी। इस ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को उस दिन यात्रा को लेकर दूसरे विकल्प ढूंढने पड़ेंगे। साथ ही गोरखपुर जंक्शन से चलकर बस्ती के रास्ते जाने वाली ट्रेन संख्या 05057 गोरखपुर दिल्ली विशेष स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन चार जून को निरस्त रहेगी। पांच जून को ट्रेन संख्या 05058 दिल्ली-गोरखपुर स्पेशल एक्सप्रेस निरस्त रहेगी। 30 और छह जून को जाने वाली ट्रेन संख्या 05054 बांद्रा टर्मिनस गोरखपुर स्पेशल ट्रेन निरस्त रहेगी। ट्रेनों के निरस्त होने से यात्रा करने वाली यात्रियों को भीषण गर्मी में मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।