चनुकी। करीब दो वर्षों से खोद कर छोड़ी गई लार-रोपन छपरा मार्ग का निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग को लेकर जिला पंचायत सदस्य जनक कुशवाहा ग्रामीणों को लेकर रोड के किनारे स्थित राम जानकी मंदिर परिसर में भूख हड़ताल पर बैठ गए। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिन पहले धरना प्रदर्शन किया गया था। उस समय लोक निर्माण विभाग के अभियंता मौके पर आकर तीन दिन के अंदर कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिए थे, लेकिन समय सीमा के अंदर कार्य नहीं शुरू कराया गया।
लार-राेपन छपरा मार्ग क्षेत्र के बलुआ गौरी, गौरा पांडेय, रतनपुरा, परासी चकलाल होते पटनेजी पुल के रास्ते सोहगरा बिहार तक जाती है। पिछले दो वर्षों से इस सड़क को ठेकेदार द्वारा खोद कर छोड़ दिया गया है। सात आठ गांवों के लोगो को आए दिन आने जाने में दिक्कत हो रही है। सुबह से शाम तक इस मार्ग पर धूल उड़ती रहती है। लार पूर्वी के जिला पंचायत सदस्य जनक कुशवाहा के देख रेख में ग्रामीणों ने रोपन छपरा गांव के राम जानकी मंदिर पर भूख हड़ताल शुरू कर दिया है। लोगों का कहना है कि जब तक इस कार्य को शुरू नहीं कराया जाता, तब तक यह भूख हड़ताल पर वे लोग बैठे रहेंगे।
इस दौरान रोपन छपरा के ग्राम प्रधान दीपेंद्र सिंह, अवधेश सिंह, रामकृष्ण दास, सियाराम शरण दुबे, रामायण यादव, राजू प्रसाद, सोनू साहनी, कृष्णा प्रताप सिंह, अनिल सिंह, प्रभाकर पाण्डेय, मोहन आदि लोग मौजूद थे ।