गौरी बाजार। गोरखपुर जनपद के रामगढ़ताल थाना की पुलिस ने सोमवार को एक होटल से ठगी के आरोप में गौरीबाजार क्षेत्र के जिस युवक को गिरफ्तार किया है, उसने घरवालों से भी झूठ बोला था। गोरखपुर में किराए का कमरा लेकर रहने वाले अंकित ने खुद का व्यापार खड़ा करने और उसी में व्यस्त रहने की बात बताई थी। उसकी गिरफ्तारी के असलियत जानकर पैरों तले की जमीन खिसक गई।
गिरफ्तार आरोपी गौरी बाजार के ग्राम बंसहिया निवासी अंकित श्रीवास्तव तीन भाई बहन हैं। बड़ा भाई बाहर एक कंपनी में काम करता है। जबकि बहन की शादी हो चुकी है। मां सविता देवी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। अंकित गोरखपुर में किराए का मकान लेकर रहता है। वह कभी कभी ही घर आता था। घर वालों से बताया था कि वह अपने कुछ साथियों के साथ व्यवसाय में लगा है।
ग्रामीणों ने बताया कि अंकित की गांव में कभी कोई शिकायत नहीं रही। वहीं परिजनों ने बताया कि अंकित ने कभी कोई गलत काम नहीं किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी वेबिनार आयोजित कर निवेशकों से अवैध रूप से धन इकट्ठा कर रहे थे। होटल कृष्णा पैलेस में लोगों को क्रिप्टो करेंसी निवेश के नाम पर अधिक लाभ देने का झांसा देकर रुपए लिए जा रहे थे। लोगों ने बताया कि अंकित श्रीवास्तव ने लोगों से कहा था कि एक अच्छी स्कीम आई है, जितनी जल्दी आप लोग रुपया लगाएंगे उतना अधिक लाभ होगा।