चिल्हिया थाना क्षेत्र के साहा गांव का मामला, मिर्गी से पीड़ित होने के साथ दिव्यांग भी था मृतक
धेंसा। चिल्हिया थाना क्षेत्र के साहा गांव में फरमान अली (22) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, चिल्हिया थाना क्षेत्र के साहा गांव में बृहस्पतिवार को फरमान अली पुत्र रऊफ की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव कमरे में कमरे में कुंडे से फंदे के सहारे लटका मिला। बताया गया कि दोपहर के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। कुछ देर बाद घर पहुंचे तो उसका शव लटका देखा, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। परिजनों ने बताया कि फरमान अली मिर्गी (झटका) की बीमारी से पीड़ित था और पैर से दिव्यांग भी था। वह मानसिक रूप से अपनी बीमारी को लेकर काफी परेशान रहता था। वह चार भाइयों में सबसे छोटा था और साहा करौंदा नानाकार चौराहे पर सिलाई का काम करता था। उसकी अभी शादी भी नहीं हुई थी।
चिल्हिया थाना प्रभारी राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।