शिक्षक संघ ने कुलपति को सौंपा छह सूत्री ज्ञापन
शिक्षकों ने कुलपति और कुल सचिव को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट की
शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण का मिला आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु से संबद्ध अनुदानित महाविद्यालयों के अनुमोदित शिक्षक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल कुलपति और कुल सचिव से अलग-अलग मुलाकात की। इस दौरान छह सूत्री मांग पत्र सौंपकर अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट की।
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुरेंद्र दुबे को डॉ. महेंद्र कुमार सुल्तानियां की अगुवाई में दिए ज्ञापन में प्रश्न पत्र निर्माण, बाह्य-आंतरिक परीक्षक, विवि परीक्षा में पर्यवेक्षक, शिक्षक कल्याण कोष से दुर्घटना हितलाभ प्रदान जैसे प्रमुख बिंदु शामिल थे। कुलपति ने सहमति व्यक्त करते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए दिशा निर्देश जारी कर दिया। शेष दो मांगों शोध निर्देशक और विभिन्न विषयों की पाठ्यक्रम समितियों में सहभागिता पर विचार करने का भी आश्वासन दिया। इससे पूर्व शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने कुलपति और कुलसचिव राकेश कुमार को नव वर्ष के उपलक्ष्य में अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट की। इस मौके पर वित्त अधिकारी समेत सुनील सिंह, रघुनाथ चौधरी, अर्चना दीक्षित, कृष्ण त्रिपाठी, उमा शंकर शुक्ला, सुनीता त्रिपाठी, सुनील कुमार शुक्ल, अश्वनी कुमार श्रीवास्तव, रघुवर पांडेय, मसूद मुराद खान, केदार नाथ गुप्ता, मनोज भारती, अशोक कुमार पांडेय, कीर्ति प्रकाश मिश्रा, बृजेश चौबे, वीके मालवी, अनुपम पति त्रिपाठी, अनिल उपाध्याय, आशा मिश्रा, राजकुमारी ओझा आदि उपस्थित थे।