परिषदीय विद्यालयों का नामांकन लक्ष्य नहीं हुआ पूरा
- नामांकन बढ़ाने के लिए 18 अप्रैल से शुरू हुआ था डोर टू डोर अभियान
- लक्ष्य का 25 फीसदी से कम नामांकन, अभियान में एक दिन शेष
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। परिषदीय विद्यालयों में नये बच्चों का दाखिला कराने के लिए जिले को मिले लक्ष्य का विभाग 25 फीसदी भी पूरा नहीं कर सका है, जबकि लक्ष्य पूरा करने के लिए डोर टू डोर अभियान चलाया जा रहा है। अब अभियान का सिर्फ एक दिन शेष बचा है। ऐसे में विभाग के लिए लक्ष्य पूरा करना आसान नहीं होगा।
परिषदीय विद्यालय में नये बच्चों का नामांकन के लिए जिले के सभी ब्लॉक क्षेत्रों में 18 से 28 अप्रैल तक स्कूल चलो अभियान शुरू किया गया। इसके लिए शिक्षक गांव-गांव पहुंच कर अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों का नामांकन के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इतना ही नहीं बच्चों के साथ रैली निकाल कर उन्हें जागरूक भी किया जा रहा है। परिषदीय विद्यालयों की विशेषता व मिलने वाली सुविधाओं को भी बताया जा रहा है। इतना सब कुछ होने के बाद भी अब तक विभाग लक्ष्य से काफी दूर है।
------------
लगभग चार लाख है नामांकन का लक्ष्य
परिषदीय विद्यालयों में बच्चों का नामांकन के लिए शैक्षिक सत्र 2022-23 में कुल 3,91,683 लक्ष्य है। लेकिन अब तक 69,855 बच्चों का नामांकन हो सका है। लक्ष्य के हिसाब से अभी 3,21,828 बच्चों का नामांकन होना है।
------------
अभिभावकों ने नहीं दिखाई रुचि
अधिक से अधिक नामांकन के लिए अभियान के तहत शिक्षक अभिभावकों के घर पहुंचे। उनसे संपर्क कर बच्चों का नामांकन परिषदीय विद्यालय में कराने का अनुरोध किया। इसके बाद भी अभिभावकों की रुचि अधिक नहीं दिखी।