मिठाई कारीगर की सड़क हादसे में मौत
दिलशाद गार्डन (दिल्ली) के पास काम से लौटते वक्त हुआ था हादसा
मंगलवार सुबह घर लाया गया शव, मचा कोहराम
संवाद न्यूज एजेंसी
पकड़ी बाजार। दिल्ली के दिलशाद गार्डन के पास शोहरतगढ़ थानाक्षेत्र के टड़िया निवासी गुन्नूर चौधरी (46) की हादसे में मौत हो गई। गुन्नूर मिठाई की दुकान पर काम करता था। मंगलवार सुबह गांव शव पहुंचा तो कोहराम मचा गया, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
टड़िया गांव निवासी गुन्नूर चौधरी दिल्ली में रहकर काफी दिनों से हलवाई का काम करता था। परिजनों के मुताबिक छह दिसंबर देर शाम दुकान से कमरे पर लौट रहा था। वह दिलशाद गार्डन के पास पहुंचा था कि कार की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी कमर की हड्डी टूट गई और वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। वहां एक अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था, जहां सोमवार को उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलने के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मंगलवार सुबह लाश घर पहुंची तो ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। गांव का हर व्यक्ति परिजनों को रोता हुआ देख खुद को नहीं रोक पा रहा था। गुन्नूर के पास चार बच्चे हैं, उन्हें बिलखता देखकर हर किसी की आंखें नम हो जा रही थीं।