संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। कपिलवस्तु कोतवाली की पुलिस ने बुधवार को सीमा से सटे कपिलवस्तु पार्क और पंडितपुर तिराहा से दो संदिग्धों को दबोच लिया। तलाशी में उनके कब्जे से नशे की 1391 गोली बरामद हुई। पूछताछ में जानकारी मिली की प्रतिबंधित दवाएं नेपाल में महंगे दर पर बेचने वाले थे। पुलिस ने मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
साथ ही इस कनेक्शन के बारे में जानकारी ले रही है कि बरामद दवा कहां से ला रहे थे, और किसे देने जा रहे थे। पकड़े गए आरोपियों को न्यायालय रवाना कर दिया है। कोतवाल कपिलवस्तु अनुज कुमार सिंह ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र में मादक पदार्थ की तस्करी रोकने के लिए पुलिस टीम विशेष जांच अभियान चला रही है। संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। इसी क्रम में बुधवार को जानकारी मिली कि कपिलवस्तु पार्क के सामने नशीली दवा लेकर शातिर मौजूद हैं। जो उसकी सप्लाई करने वाले हैं।
सूचना का संज्ञान लेते हुए पुलिस पहुंची तो दो संदिग्ध दिखे, जो पुलिस को देखकर हड़बड़ा गए। उन्हें पकड़कर तलाशी ली गई तो उमेश चाई वार्ड नंंबर छह निवासी करमा थाना पकड़ी चौराहा जनपद कपिलवस्तु, नेपाल के कब्जे से 47 टैबलेट व पंडितपुर तिराहे से अमित कुमार उपाध्याय के कब्जे से 1344 अदद प्रतिबंधित टेबलेट बरामद हुए। उन्हें पूछताछ के लिए थाने लाया गया। दवा कहां से लेकर आ रहे थे और आपूर्ति किसे देनी थी, इस बारे में जानकारी ली जा रही है।