गोरखपुर। जिले की 236 ग्राम पंचायतों में जल्द ही डिजिटल लाइब्रेरी शुरू होने जा रही है। पंचायत भवनों के एक कमरे में बनाई जा रही इन लाइब्रेरी में बच्चों को किताबों के साथ ई-बुक्स, डिजिटल कंटेंट, वीडियो, ऑडियो लेक्चर और इंटरनेट की सुविधा मिलेगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र गांव में रहकर ही यूपीएससी, इंजीनियरिंग, मेडिकल और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे।
उपनिदेशक पंचायत हिमांशु शेखर ठाकुर ने बताया कि प्रत्येक लाइब्रेरी पर करीब चार लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें फर्नीचर, कंप्यूटर, प्रिंटर, यूपीएस और डिजिटल कंटेंट शामिल हैं। एनबीटी और नॉन एनबीटी की किताबें सभी ग्राम पंचायतों में पहुंच चुकी हैं, जबकि 140 गांवों में फर्नीचर भी पहुंच गया है। करीब 40 ग्राम पंचायतों में लाइब्रेरी शुरू हो चुकी है और अगले 15 दिनों में सभी लाइब्रेरी शुरू करने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि बुजुर्ग भी यहां धार्मिक और प्रेरणादायक किताबें पढ़ सकेंगे। गोरखपुर मंडल के देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज जिलों में भी इसी माह डिजिटल लाइब्रेरी शुरू की जाएंगी।