बुद्ध विद्यापीठ महाविद्यालय में छात्र संघ चुनाव मंगलवार को होगा। सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व महामंत्री पद के लिए चुनाव की सभी तैयारियां सोमवार को पूरी कर ली गईं। स्नातक की तीनों कक्षाओं के लिए अलग पोलिंग बूथ बनाया गया है। निर्धारित बूथ पर ही छात्र-छात्रा अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। कॉलेज में सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम रहेंगे।
कॉलेज में छात्रसंघ का गठन करीब तीन वर्षों बाद होने जा रहा है। कुल सात पदों में से तीन पर ही टक्कर है। संयुक्त मंत्री और कक्षा संकाय प्रतिनिधि के एक पद पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है।
संकाय प्रतिनिधि के दो पद रिक्त हैं। अध्यक्ष पद के लिए दो, उपाध्यक्ष पद पर तीन और महामंत्री पद पर चार उम्मीदवार मैदान में हैं। नामांकन के बाद से ही मतदाताओं से संपर्क कर चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। सोमवार को मतदान की पूर्व संध्या पर भी प्रत्याशियों ने छात्र-छात्राओं के घर-घर जाकर समर्थन की गुहार लगाई।
अभिभावकों, संबन्धियों से मिलकर भी दबाव बनाने में जुटे रहे। कॉलेज के चुनाव अधिकारी डॉ. सूर्यनारायण ने बताया कि सकुशल चुनाव कराने के लिए सभी तैयारी पूरी हो चुकी है। पुलिस को अवगत कराते हुए सुबह से ही सुरक्षाकर्मी नियुक्त करने को कहा गया है।
छात्र-छात्राओं के आने-जाने के लिए रूट भी तय हो गया है। इसी रास्ते से वह बूथ पर आकर अपना वोट देंगे, फिर तय रूट से ही बाहर जाएंगे। दो बजे तक मतदान के बाद मतों की गणना कर परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। इसी दिन शपथ ग्रहण भी होगा।