संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। खरीफ सीजन में खाद की उपलब्धता और बिक्री व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। शनिवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने लोटन विकासखंड के सिकरी बाजार स्थित यादव खाद भंडार का औचक निरीक्षण कर स्टॉक और वितरण व्यवस्था की पड़ताल की। उन्होंने रजिस्टर में दर्ज किसानों को मौके पर ही फोन कर खाद मिलने और कीमत की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्टॉक रजिस्टर और वितरण रजिस्टर का मिलान कराया। किसानों से बातचीत के आधार पर वितरण व्यवस्था की हकीकत परखी और संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए कि खाद केवल निर्धारित दर पर ही बेची जाए।
किसी भी किसान से अतिरिक्त कीमत वसूलने या किसी अन्य उत्पाद के साथ खाद की अनिवार्य खरीद (टैगिंग) कराने की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।
डीएम ने निर्देश दिया कि खाद लेने वाले प्रत्येक किसान का आधार नंबर और मोबाइल नंबर रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए ताकि जरूरत पड़ने पर सत्यापन किया जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि ओवररेटिंग, टैगिंग या अन्य किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ा