चोरी की बाइक बरामद, दो गिरफ्तार
शोहरतगढ़। चिल्हिया पुलिस ने मंगलवार को बाइक चोरी के मामले में दो लोगों को पकड़ा। उनके कब्जे से चोरी की बाइक बरामद की। पूछताछ के बाद दोनों का चालान कर दिया गया।
चिल्हिया के एसओ यशवंत सिंह ने बताया कि मंगलवार की सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि गौरा बाजार के रास्ते दो युवक एक बाइक से नेपाल भागने की फिराक में हैं। पुलिस टीम गौरा चौराहे के नेपाल के बजहा जाने वाली मार्ग पर पहुंच गई। जैसे ही दोनों युवक गौरा बाजार से बजहा मार्ग पर बाइक लेकर निकले, पुलिस घेराबंदी करके पकड़ लिया। बाइक भी बरामद कर ली।
पूछताछ के दौरान उनकी पहचान चिल्हिया थाना क्षेत्र के बुढ़ापार गांव निवासी दुर्गेश यादव और शोहरतगढ़ थाने के अतरी बाजार निवासी संजय कुमार के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने दो हफ्ते पहले बुढापार पकड़ी से बाइक चोरी की थी। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।