एसएसबी 43वीं वाहिनी सीमा चौकी धनौरा में आयोजित हुआ वॉलीबाल प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। एसएसबी और एपीएफ नेपाल के बीच रविवार शाम मैत्रीपूर्ण वॉलीबाल मैच का आयोजन किया गया। इसमें एसएसबी की टीम ने 3.1 के अंतर से मैच जीत लिया।
एसएसबी 43वीं वाहिनी एसएसबी की सीमा चौकी धनौरा और एपीएफ हरदौना कपिलवस्तु नेपाल के बीच सीमा चौकी धनौरा में मैत्रीपूर्ण वॉलीबाल मैच खेला गया। इस मैच में एसएसबी की ओर से मुख्य आरक्षी रमेश गदम कप्तान के नेतृत्व में मुख्य आरक्षी राकेश राम्छारी, संदीप कुमार, आरक्षी चंदन कुमार, अजीत कुमार और कृष्णा कुमार एवं एपीएफ नेपाल की ओर से हवलदार शेष राम कप्तान के नेतृत्व में पूर्न बहादुर, संजय थापा, श्रीराम कंडेल, प्रकाश थापा, धनवीर धेगा और राजेंद्र खत्री ने भाग लिया।
इस मैच में एसएसबी की टीम 3.1 से विजयी हुई। इस तरह के मैच के आयोजन के माध्यम से एसएसबी युवाओं को खेल के प्रति जागरूक करती है, जिससे वे खेल के क्षेत्र में आगे बढ़े तथा अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन प्रस्तुत कर अपना एवं अपने क्षेत्र के नाम रोशन करें। साथ ही इस तरह के मैत्रीपूर्ण मैच से दोनों देशों के बल के बीच समन्वय स्थापित होती है, जिससे दोनों बल के संयुक्त प्रयास से सीमा पर अपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।